अंकिता भंडारी हत्याकांड: VIP नाम सामने आने पर कार्रवाई न होने से नाराज़ कांग्रेस ने फूंका भाजपा सरकार का पुतला

उत्तराखंड/गदरपुर।
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। मामले में कथित VIP का नाम सामने आने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गदरपुर में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शुरुआत से ही इस मामले में सच्चाई सामने आने से रोकने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की बजाय प्रभावशाली लोगों को बचाया जा रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराई जाए और कथित VIP को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो और ऑडियो में पूर्व भाजपा विधायक की कथित पत्नी उर्मिला सनावर द्वारा कई प्रभावशाली नामों का खुलासा किया गया है, लेकिन इसके बावजूद सरकार आंख मूंदे बैठी है। इससे जनता के बीच यह संदेश जा रहा है कि कानून सबके लिए समान नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर राजेश बावा, गुरिंदर सिंह, संजीव अरोड़ा, मो. शादाब, विजय गुंबर, अंकुर चावला, शिवम पपनेजा, लक्की सुधा, वंश शर्मा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें