नशा तस्करों के खिलाफ ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करीब 16 लाख की स्मैक बरामद — दो आरोपी गिरफ्तार
किच्छा। जनपद ऊधमसिंहनगर को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ANTF/SOG रुद्रपुर एवं कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 52.08 ग्राम स्मैक के साथ दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार दिनांक 26 जून 2026 को ANTF/SOG ऊधमसिंहनगर एवं कोतवाली किच्छा पुलिस टीम चौकी कलकत्ता फार्म क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूर्य नगर गेट नंबर-05 के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस टीम को देखकर घबरा गए और भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को मौके पर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त सचिन सिंह के कब्जे से 41.02 ग्राम तथा सुखविंदर सिंह के कब्जे से 11.06 ग्राम शुद्ध अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में दोनों के नशा तस्करी में संलिप्त होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में मुख्य आरोपी द्वारा नेपाल क्षेत्र तक स्मैक सप्लाई किए जाने की बात भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, आधार कार्ड, बैंक कार्ड एवं नगदी भी बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।










