गदरपुर
नगर के लिए गर्व का विषय है कि नगर की होनहार बिटिया प्रियांशी राज सिंह, सुपुत्री श्री राजेंद्र सिंह जी, ने जयपुर में आयोजित प्रतिष्ठित Forever Miss India 2025 प्रतियोगिता में सेकेंड रनर-अप का खिताब अपने नाम कर न केवल गदरपुर, बल्कि उत्तराखंड एवं पूरे देश का मान बढ़ाया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से नगरवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
प्रियांशी राज सिंह की सफलता युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने आत्मविश्वास, मेहनत और प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई। उनकी यह उपलब्धि यह दर्शाती है कि गदरपुर की बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और अपने सपनों को साकार करने की पूरी क्षमता रखती हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में नगर पालिका परिषद गदरपुर द्वारा आज सायं 4:00 बजे, नगर पालिका परिषद परिसर में एक भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में नगर के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठन एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहेंगे।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री मनोज गुम्बर (मिन्टू) ने समस्त नगरवासियों से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें और नगर की गौरवशाली बिटिया को अपना स्नेह, आशीर्वाद और सम्मान प्रदान करें। उन्होंने कहा कि प्रियांशी की सफलता गदरपुर के लिए एक उपलब्धि ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।
इस स्वागत समारोह को लेकर नगर में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है और नगरवासियों को इस कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार है।











