गदरपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री श्री गुंजन सुखीजा ने आज गदरपुर स्थित अपने कार्यालय पर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सुखीजा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी भारतीय राजनीति के ऐसे महानायक थे, जिनका जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों की मिसाल है। उन्होंने अपने विचारों, व्यवहार और नेतृत्व से देश को एक नई दिशा दी। अटल जी का जीवन अंत्योदय के संकल्प को साकार करने का प्रतीक रहा, जिसमें समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान की चिंता सर्वोपरि रही।
उन्होंने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में देश ने विकास, स्थिरता और वैश्विक पहचान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाए। चाहे परमाणु परीक्षण हो, स्वर्णिम चतुर्भुज योजना हो या विदेश नीति—हर क्षेत्र में उन्होंने भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का कार्य किया। आज केंद्र व राज्य में भाजपा सरकारें उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र निर्माण में जुटी हैं।
श्री सुखीजा ने कहा कि अटल जी ने राजनीति में शुचिता, मर्यादा और संवाद की जो परंपरा स्थापित की, वह आज भी सभी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अटल जी के आदर्शों को आत्मसात करने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश खुराना, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर, सभासद अश्वनी कुमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरविंद पाल,रमन छाबड़ा, महामंत्री अजय बठला, सुभाष गुंबर, संतोष गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











