गदरपुर
राजस्व विभाग द्वारा ग्राम बकैनिया में शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध दिनांक 17 दिसंबर 2025 को कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराया गया था। कार्रवाई के दौरान विभाग द्वारा शासकीय कब्जा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित स्थल पर सूचना बोर्ड लगाया गया था। इसके बावजूद अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा पुनः अवैध कब्जा करने की मंशा से उक्त बोर्ड को हटा दिया गया, जिससे शासकीय संपत्ति की सुरक्षा को लेकर स्थिति गंभीर हो गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग द्वारा विगत शनिवार को अतिक्रमणकर्ताओं के विरुद्ध विधिसम्मत मुकदमा दर्ज कराया गया। राजस्व उपनिरीक्षक सकैनिया द्वारा अवगत कराया गया कि सोमवार प्रातः क्षेत्र निरीक्षण के दौरान उक्त सूचना बोर्ड पुनः उसी स्थल पर विधिवत लगा हुआ पाया गया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि फिलहाल शासकीय भूमि पर विभाग का कब्जा बना हुआ है।
उपजिलाधिकारी द्वारा इस प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए समस्त राजस्व उपनिरीक्षकों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूर्व में जिन-जिन स्थानों पर शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर कब्जा लिया गया है, उनकी वर्तमान स्थिति की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि यदि कहीं पुनः अतिक्रमण या अवैध कब्जा पाया जाता है तो तत्काल मौके पर कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।











