गदरपुर।
विकासखंड गदरपुर की नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर द्वारा अधिशासी अभियंता, विद्युत विभाग उधम सिंह नगर को एक महत्वपूर्ण पत्र प्रेषित किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में निवास करने वाली जनता को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
ब्लॉक प्रमुख ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि विकासखंड गदरपुर अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं न्याय पंचायतों में विद्युत विभाग द्वारा पूर्व में डाली गई विद्युत लाइनें अत्यधिक पुरानी हो चुकी हैं। कई स्थानों पर बिजली की तारें ढीली लटक रही हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसके साथ ही अनेक क्षेत्रों में नए विद्युत पोल लगाए जाने की भी अत्यंत आवश्यकता है।
ज्योति ग्रोवर ने पत्र के माध्यम से अधिशासी अभियंता से आग्रह किया है कि इस गंभीर समस्या पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत तारों को टाइट कराया जा सके और आवश्यकतानुसार नए पोल स्थापित किए जाएं। इससे समय रहते संभावित हादसों को रोका जा सकेगा और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो पाएगी।
ब्लॉक प्रमुख की इस पहल को ग्रामीणों द्वारा सराहा जा रहा है और लोगों को उम्मीद है कि विद्युत विभाग द्वारा जल्द आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।











