रुद्रपुर।
अपने सशक्त अभिनय से देश–दुनिया में पहचान बना चुके बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा की फिटनेस और अनुशासित जीवनशैली से खासे प्रभावित नजर आए। रुद्रपुर में आयोजित एक निजी कार्यक्रम के दौरान दोनों की मुलाकात हुई, जो गंभीर और सकारात्मक संवाद में तब्दील हो गई।
गुरुवार को रुद्रपुर पहुंचे मनोज बाजपेयी की एसएसपी मणिकांत मिश्रा से कई घंटों तक बातचीत हुई। इस दौरान समाज में सिनेमा की भूमिका, कानून व्यवस्था, युवाओं की सोच, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बातचीत के दौरान अभिनेता ने एसएसपी मणिकांत मिश्रा की शानदार फिटनेस की खुलकर सराहना की और कहा कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच इस तरह की फिटनेस प्रेरणादायक है।
फिटनेस को लेकर हुई चर्चा में मनोज बाजपेयी ने अपनी दिनचर्या से जुड़े कुछ अहम अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वे दोपहर के बाद भोजन नहीं करते और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखते हैं। अभिनेता का कहना था कि अनुशासित जीवनशैली और संयमित खानपान ही लंबे समय तक सक्रिय और ऊर्जावान रहने का आधार है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने भी अभिनेता के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस सेवा में मानसिक और शारीरिक फिटनेस अत्यंत आवश्यक है। दोनों ने इस बात पर सहमति जताई कि सिनेमा और प्रशासन, मिलकर समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि एसएसपी मणिकांत मिश्रा अपनी सख्त कार्यशैली और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए पहले भी सुर्खियों में रहे हैं। हाल ही में ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ की गई बड़ी कार्रवाई में 70 वाहनों और करीब 300 पुलिसकर्मियों के साथ उत्तर प्रदेश के बरेली में की गई कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
निजी कार्यक्रम के समापन के बाद मनोज बाजपेयी अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।














