रुद्रपुर की सियासी पिच पर मेयर विकास शर्मा की विराट शैली

 

पत्रकार एकादश को 56 रनों से दी करारी शिकस्त
रुद्रपुर।
रुद्रपुर की सियासत जब क्रिकेट के मैदान में उतरी तो नजारा किसी हाई-वोल्टेज मैच से कम नहीं था। नगर निगम और पत्रकार एकादश के बीच खेले गए सद्भावना क्रिकेट मैच में महापौर विकास शर्मा ने विराट कोहली की तर्ज पर धुआंधार अंदाज में खेलते हुए पत्रकारों के “बड़े-बड़े पतीले” उड़ाकर रख दिए। गंगापुर रोड स्थित मुंजाल स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित इस रोमांचक मुकाबले में नगर निगम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पत्रकार एकादश को 56 रनों से करारी शिकस्त दी।
मैच का शुभारंभ महापौर विकास शर्मा ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा टॉस उछालकर किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नगर निगम की टीम ने सधी हुई बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित ओवरों में 135 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम के खिलाड़ियों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया, जिससे पत्रकार एकादश पर शुरू से ही दबाव बन गया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार एकादश की टीम नगर निगम की कसी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 79 रनों पर सिमट गई। खास बात यह रही कि नगर निगम की कप्तानी कर रहे महापौर विकास शर्मा ने खुद गेंदबाजी का मोर्चा संभालते हुए दो महत्वपूर्ण विकेट झटके और जीत में अहम भूमिका निभाई।
नगर निगम की टीम में कप्तान महापौर विकास शर्मा, उपकप्तान बीएस डांगी, जेई हरीश बसेरा, मनोज गहतोड़ी, शुभम पाल, राहुल कोली, ललित कश्यप, रोहित, निर्भय, शुभम कोहरी, नीरज, बॉबी सहित अन्य खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं पत्रकार एकादश की ओर से राजीव चावला, अजय जोशी, चंदन बंगारी, तापस विश्वास, कंचन वर्मा, चंद्रसेन गंगवार, विनोद भंडारी, बिरेन्द्र बिष्ट, रंजीत कुमार, संजय कनेरा, दुर्गेश मौर्य, सुरेंद्र शर्मा, मनोज आर्या, नरेश मिश्रा, अंकुर तिवारी, शाहिद खान और साक्षी सक्सेना ने मैदान में दमखम दिखाया।
मैच का उद्देश्य प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि आपसी सद्भाव और सौहार्द को मजबूत करना रहा, जिसे खिलाड़ियों और दर्शकों ने पूरे उत्साह के साथ सराहा।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें