श्री गुरु रामदास जी सेवा ट्रस्ट ने 11 वर्षीय दिव्यांग बच्चे को भेंट की व्हीलचेयर

गदरपुर।
मानव सेवा को समर्पित श्री गुरु रामदास जी सेवा ट्रस्ट द्वारा एक बार फिर जरूरतमंद की मदद कर समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया गया। ट्रस्ट के प्रमुख सेवादार हरविंदर सिंह चुघ के नेतृत्व में गदरपुर के ग्राम सुखशांति नगर निवासी एक 11 वर्षीय दिव्यांग बच्चे को व्हीलचेयर प्रदान की गई। व्हीलचेयर मिलने से बच्चे और उसके परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ झलकती नजर आई।
इस अवसर पर ट्रस्ट के प्रमुख सेवादार हरविंदर सिंह चुघ ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री गुरु रामदास जी सेवा ट्रस्ट द्वारा यह 73वीं व्हीलचेयर प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि यह व्हीलचेयर श्री नांगली साहिब मेरठ स्थित श्री सतगुरु दयाल मंदिर द्वारा उपलब्ध कराई गई है, जिसे श्री गुरु रामदास जी सेवा ट्रस्ट के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। ट्रस्ट का उद्देश्य है कि कोई भी दिव्यांग व्यक्ति संसाधनों के अभाव में असहाय महसूस न करे और उसे आत्मनिर्भर जीवन जीने का अवसर मिल सके।
हरविंदर सिंह चुघ ने कहा कि सेवा का मार्ग सबसे श्रेष्ठ मार्ग है। किसी जरूरतमंद की निस्वार्थ सेवा करने से जो आत्मिक सुख मिलता है, उसकी तुलना किसी भी भौतिक सुख से नहीं की जा सकती। उन्होंने क्षेत्र के आम जनमानस, सामाजिक संगठनों और सक्षम लोगों से अपील की कि वे आगे आकर ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जा सके।
गौरतलब है कि हरविंदर सिंह चुघ अपने निरंतर सेवा कार्यों के लिए उत्तराखंड आइकन के खिताब से भी सम्मानित हो चुके हैं। उनके द्वारा लगातार किए जा रहे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश दे रहे हैं। व्हीलचेयर वितरण कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे और ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे मानवता की सच्ची सेवा बताया।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें