गदरपुर। शीत ऋतु में घने कोहरे का फायदा उठाकर होने वाली चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद ऊधमसिंहनगर द्वारा कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। उक्त निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध/पुलिस अधीक्षक काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के कुशल पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गदरपुर के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में दिनांक 26 जनवरी 2026 को तड़के कोतवाली गदरपुर पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जो घने कोहरे का लाभ उठाकर चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस टीम ने अभियुक्त को शिवनगर (भाखड़ा पुल) से साबरी ईंट भट्टा जाने वाले मार्ग पर मैन रोड से पकड़ा।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक अदद तमंचा 12 बोर एवं 02 अदद जिंदा कारतूस 12 बोर बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजू राय पुत्र दीपांकर राय, निवासी दुर्गा मंदिर नंबर-04, वार्ड नंबर-05, शक्तिफार्म, थाना सितारगंज, जनपद ऊधमसिंहनगर, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है।
बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली गदरपुर में FIR संख्या 09/2025, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा पूर्व में चोरी एवं नकबजनी के मामलों में जेल जाना बताया गया है। अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक – श्री संजय पाठक, कोतवाली गदरपुर,उ0नि0 – श्री मुकेश मिश्रा, प्रभारी चौकी महतोष,का0नि0 कुन्दन सिंह,का0नि0 जीवन फुलेरा,का0नि0 उमेश जोशी शामिल रहे।।











