गदरपुर।
आज दिनांक 08 जनवरी 2026 को न्याय पंचायत गोविंदपुर में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस जनकल्याणकारी शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को सीधे पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा। कार्यक्रम में कुल 25 सरकारी विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए, जहां जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का निस्तारण किया गया और विभागीय सेवाएं मौके पर ही प्रदान की गईं।
शिविर में कुल 2740 लोगों ने प्रतिभाग कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर 486 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 128 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 56 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 72 शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रिम कार्यवाही हेतु सौंपा गया।
आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शिविर में 5 समूहों को कैश क्रेडिट लिमिट के अंतर्गत 30 लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई। इसके साथ ही शिविर में विभिन्न प्रमाण पत्र एवं दस्तावेज भी जारी किए गए, जिनमें 35 आधार कार्ड, 22 आयुष्मान कार्ड, 29 स्थायी निवास प्रमाण पत्र, 35 जाति प्रमाण पत्र, 17 आय प्रमाण पत्र, 4 परिवार रजिस्टर नकल, 8 विरासत प्रमाण पत्र, 5 बीपीएल कार्ड, 5 मृत्यु प्रमाण पत्र, 3 यूसीसी, 8 एसईसीसी सर्टिफिकेट तथा 13 दिव्यांग प्रमाण पत्र शामिल हैं।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए महिला समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों पर महिलाओं ने अपनी हस्तनिर्मित सामग्री की बिक्री की, जिससे 14,700 रुपये की आय हुई। महिला एवं बाल कल्याण विभाग के माध्यम से शिविर में 5 महिलाओं की गोदभराई तथा 3 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।
शिविर में त्वरित समाधान का एक सराहनीय उदाहरण राजपुरा नंबर-1 निवासी रणवीर सिंह पुत्र रंगीन सिंह का रहा, जो अपने पिता के नाम दर्ज विद्युत कनेक्शन को अपने नाम कराना चाहते थे, लेकिन प्रक्रिया की जानकारी न होने के कारण असमर्थ थे। शिविर में ही विद्युत विभाग द्वारा तत्काल कनेक्शन उनके नाम कर दिया गया, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली।
शिक्षा विभाग द्वारा 7 बालिकाओं को साइकिल, 5 बालिकाओं को जूता-बैग, 5 बालिकाओं को गणवेश वितरित की गई तथा आरटीई के अंतर्गत 10 छात्र-छात्राओं को चेक प्रदान किए गए। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा विकसित भारत के नए प्रावधानों की जानकारी दी गई। श्रम विभाग द्वारा 19 ई-श्रम कार्ड वितरित किए गए तथा 13 निर्माण श्रमिकों की चिकित्सा जांच कराई गई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के रूप में माननीय उपाध्यक्ष श्री सुरेश भट्ट, माननीय विधायक गदरपुर श्री अरविंद पाण्डेय, भाजपा प्रदेश मंत्री श्री गुंजन सुखीजा, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती ज्योति ग्रोवर, सांसद प्रतिनिधि श्री प्रीत ग्रोवर उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में उपजिलाधिकारी श्रीमती ऋचा सिंह, नोडल जिला उद्यान अधिकारी श्री सतीश शर्मा, जिला विकास अधिकारी श्री सुशील मोहन डोभाल, तहसीलदार श्रीमती लीना धामी, खंड विकास अधिकारी श्रीमती अतिया परवेज, एबीडीओ श्री हेम कांडपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्रीय जनता में प्रशासन एवं सरकार के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।











