गदरपुर।
क्षेत्र में निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता को सशक्त मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए साप्ताहिक समाचार पत्र ‘संवाद तेजस’ का भव्य विमोचन समारोह आयोजित किया गया। गदरपुर तहसील की तहसीलदार लीना चंद्रा धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत कर अखबार के प्रथम अंक का विधिवत विमोचन किया। समारोह में सामाजिक, राजनीतिक, व्यापारिक, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित पत्रकारिता जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
क्षेत्र के युवा, ऊर्जावान एवं कर्मठ पत्रकार सागर गाबा ने कम समय में अपनी मेहनत, निष्ठा और स्पष्ट कार्यशैली के दम पर पत्रकारिता के क्षेत्र में एक अलग पहचान स्थापित की है। व्यवसाय के साथ-साथ पत्रकारिता को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाते हुए उन्होंने अब पीआरजीआई में पंजीकृत साप्ताहिक समाचार पत्र संवाद तेजस की शुरुआत की है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि संवाद तेजस केवल एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि आमजन की आवाज़, सच्चाई और सामाजिक सरोकारों का प्रतिबिंब बनेगा।
विमोचन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि तहसीलदार लीना चंद्रा धामी के साथ विशिष्ट अतिथि एवं विशेष सहयोगी के रूप में क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी विनोद भुसरी, वरिष्ठ समाजसेवी लाल मोहम्मद (बादशाह) तथा वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट आर.पी. सिंह ने संयुक्त रूप से सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मीडिया क्लब गदरपुर के अध्यक्ष विकास तनेजा ने की।
मुख्य अतिथि लीना चंद्रा धामी ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और निर्भीक पत्रकारिता समाज को दिशा देती है और प्रशासन व जनता के बीच सेतु का कार्य करती है। उन्होंने संवाद तेजस की शुरुआत के लिए सागर गाबा को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि यह समाचार पत्र जनहित के मुद्दों को पूरी जिम्मेदारी से उठाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि वर्तमान दौर में सकारात्मक, सच्ची और जिम्मेदार पत्रकारिता की अत्यंत आवश्यकता है। संवाद तेजस से क्षेत्र की समस्याओं, सामाजिक मुद्दों और विकास कार्यों को प्रमुखता मिलने की उम्मीद है।
विमोचन समारोह में पंजाबी महासभा, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल सहित विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने सागर गाबा को संवाद तेजस के शुभारंभ और प्रथम अंक के प्रकाशन पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एडवोकेट आर.पी. सिंह, प्रेस क्लब गदरपुर के अध्यक्ष जयकिशन अरोरा, व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक बेहड़, मीडिया क्लब गदरपुर के पदाधिकारी, पंजाबी महासभा के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समारोह का समापन संवाद तेजस की उज्ज्वल, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता की कामना के साथ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एडवोकेट आर पी सिंह, प्रेस क्लब गदरपुर से अध्यक्ष जयकिशन अरोरा, नैब सिंह धालीवाल, अमरजीत सिंह, अशोक छाबड़ा, सुरजीत बत्रा, जसपाल डोगरा, सतीश बत्रा, व्यापार मंडल गदरपुर अध्यक्ष दीपक बेहड़, महामंत्री सन्दीप चावला, कोषाध्यक्ष राहुल अनेजा, सोमनाथ गाबा, कृष्ण लाल गाबा, अंजू भुड्डी, नरेश हुड़िया, पंजाबी महासभा से अध्यक्ष कृष्ण अरोरा, महामंत्री संजीव झाम, कोषाध्यक्ष कृष्ण अनेजा, जुगनू डंग, विनोद चुघ, डॉ सोनू विश्वास, मीडिया क्लब गदरपुर से अध्यक्ष विकास तनेजा, महामंत्री किशन गुप्ता, गौरव बत्रा, राकेश अरोरा, नितिन छाबड़ा, उमर अली, रिज़वान अख्तर, काजल रॉय, बृजकिशोर, नैनी बराई, अवनींद्र आर्य, देवानंदु रॉय, राहुल विश्वास, देवेंद्र अधिकारी, राम बहादुर, सहित पत्रकार एवं गणमान्य उपस्थित रहे।











