गदरपुर
विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा रोशनपुर स्थित डल बाबा मंदिर परिसर में श्रद्धेय राजा जगत देव जी की जयंती के पावन अवसर पर एक भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर उत्तराखंड के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअल माध्यम से मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम से जुड़े और विधि-विधान के साथ राजा जगत देव जी की अष्टधातु से निर्मित प्रतिमा का अनावरण किया।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि राजा जगत देव जी का जीवन त्याग, तपस्या, साहस और जनकल्याण की भावना का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राजा जगत देव जी ने कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी धर्म, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा की तथा विदेशी आक्रांताओं के सामने कभी घुटने नहीं टेके। उनका जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी बुक्सा जनजाति के गांवों में राजा जगत देव जी की गौरवगाथाएं बड़े सम्मान और गर्व के साथ सुनाई जाती हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों को ध्यान में रखते हुए गदरपुर विधानसभा के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने डल बाबा मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण हेतु बाउंड्री वॉल, भव्य टीन शेड (भंडारा हॉल), पक्का फर्श तथा सुलभ शौचालय निर्माण की घोषणा की। इसके अतिरिक्त ग्राम बलरामनगर से खेमपुर तक लगभग 3 किलोमीटर तथा ग्राम सीतापुर से ए.एन.के. इंटर कॉलेज तक लगभग 4 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण की भी घोषणा की गई, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
भाजपा प्रदेश मंत्री श्री गुंजन सुखीजा ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज की गई घोषणाएं गदरपुर विधानसभा के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। वर्षों से लंबित पड़ी योजनाओं को अब धरातल पर उतारने का कार्य तेजी से हो रहा है, जिससे क्षेत्र की जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर यह भी बताया गया कि राजा जगत देव जी की प्रतिमा अष्टधातु से निर्मित है, जिसकी लागत लगभग 25 लाख रुपये है। प्रतिमा की ऊंचाई लगभग 9 फीट और वजन करीब 11 कुंतल है, जो उनकी वीरता, शौर्य और गौरव का प्रतीक है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर, नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुग, वरिष्ठ नेता क़ाबल सिंह विर्क, एसटी आयोग सदस्य बाबू सिंह तोमर, मंडल अध्यक्ष सुरेश खुराना, राजकुमार, गोविंद, कुंदन, गुड्डो देवी, गुलशन, बृजेश सिंह, पवन सिंह, कर्म सिंह, कश्मीर सिंह, मुकेश राणा, बबलू राजपूत सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता, जनप्रतिनिधि एवं देवतुल्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











