गदरपुर | ऊधम सिंह नगर
जनपद ऊधम सिंह नगर में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सख़्त अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी सफलता हाथ लगी है। नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म (पोक्सो एक्ट) के गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹10,000 के इनामी अपराधी विवेक दास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 19 मई 2025 को वादी की तहरीर पर कोतवाली गदरपुर में मु0 FIR संख्या 132/2025 धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी द्वारा पीड़िता की सकुशल बरामदगी एवं आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए पीड़िता को पूर्व में सुरक्षित बरामद कर लिया गया था, जबकि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार स्थान बदल रहा था।
कोतवाली गदरपुर पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीक, मोबाइल सर्विलांस व तकनीकी संसाधनों का प्रयोग करते हुए करीब 2000 किलोमीटर तक आरोपी का पीछा किया। आरोपी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश बॉर्डर क्षेत्र में छिपने की फिराक में था, लेकिन अंततः 27 दिसंबर 2025 को अयोध्या जनपद के रामपुर हेलवारा, पोस्ट सरारासी स्थित निर्माणाधीन एनएच के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त विवेक दास पुत्र सुधान्शु दास, निवासी ग्राम पिपलिया नंबर-01, थाना गदरपुर के विरुद्ध पूर्व में एनबीडब्ल्यू व कुर्की वारंट भी जारी हो चुके थे। पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
इस सफलता पर स्थानीय जनता, पीड़ित परिवार एवं उच्चाधिकारियों ने पुलिस टीम की सराहना की है।
गिरफ्तारी टीम में शामिल अधिकारी
प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उप निरीक्षक मुकेश मिश्रा, उप निरीक्षक पूनम रावत, अपर उप निरीक्षक जितेन्द्र मेहरा, कांस्टेबल रघुवर सिंह एवं कांस्टेबल भूपेन्द्र आर्या (SOG रुद्रपुर) शामिल रहे।











