जिलाधिकारी महोदय के आदेशों के अनुपालन में जनपद में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किए जाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा विभिन्न तहसीलों में समाधान कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य अवैध कॉलोनियों से संबंधित मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करना है, जिससे आम नागरिकों को होने वाली समस्याओं का समाधान किया जा सके।
इसी क्रम में तहसील गदरपुर में दिनांक 18.02.2026 से 20.12.2026 तक समाधान कैंप आयोजित किया जाना निर्धारित किया गया है। इस समाधान कैंप के अंतर्गत कॉलोनी स्वामियों एवं संबंधित आवेदकों द्वारा प्रस्तुत अभिलेखों के परीक्षण के आधार पर पंजीयन विलेख की अनुमति प्रदान की जाएगी। कैंप के माध्यम से ऐसे प्रकरणों पर विचार किया जाएगा, जो शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप होंगे।
समाधान कैंप में आवेदन करने के लिए कॉलोनी स्वामी को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र प्रस्तुत करना होगा। आवेदन के साथ कॉलोनी का स्पष्ट एवं प्रमाणिक मानचित्र संलग्न किया जाना अनिवार्य होगा, जिसमें कॉलोनी में उपलब्ध कुल प्लॉटों की संख्या, आंतरिक सड़कों की स्थिति, पार्क, खुली भूमि तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का स्पष्ट विवरण अंकित किया जाएगा। मानचित्र में प्रदर्शित विवरण के आधार पर संबंधित विभागों द्वारा परीक्षण की कार्यवाही की जाएगी।
प्राप्त आवेदनों का सक्षम अधिकारियों द्वारा परीक्षण किए जाने के उपरांत नियमानुसार एक सप्ताह के भीतर आख्या प्रस्तुत की जाएगी। आख्या के आधार पर विक्रय पंजीयन की अनुमति प्रदान करते हुए आवश्यक कार्यवाही संपादित की जाएगी। प्रशासन द्वारा आयोजित यह समाधान कैंप अवैध कॉलोनियों से उत्पन्न जटिलताओं के समाधान की दिशा में एक सराहनीय पहल है, जिससे शासन के नियमों का पालन सुनिश्चित होने के साथ-साथ जनहित की रक्षा भी की जा सके।











