भाजपा महिला मोर्चा जिला रानीखेत द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित
रानीखेत।
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला रानीखेत द्वारा भाजपा महिला मोर्चे की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी एवं कुमाऊं मंडलीय संयोजक अंजू भुडडी के सम्मान में एक भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन रानीखेत के ताड़ीखेत क्षेत्र में किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी सहभागिता देखने को मिली।
समारोह को संबोधित करते हुए महिला मोर्चे की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड की नारी सशक्त, सक्षम और आत्मविश्वास से भरपूर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण में महिलाओं की भूमिका ऐतिहासिक रही है और आज भी यहां की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की क्षमता रखती हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को उचित बाजार और सही मूल्य दिलाने की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा इस विषय को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखेगा।
महिला मोर्चे की प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता के लिए भाजपा सरकार द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ महिलाओं तक पहुंचाना मोर्चे की प्राथमिकता है।
कुमाऊं मंडलीय संयोजक अंजू भुडडी ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर बनने के लिए सरकार ने कई योजनाएं सरल बनाई हैं, लेकिन उनका लाभ तभी मिलेगा जब महिलाएं स्वयं आगे बढ़कर प्रयास करें। महिला मोर्चा निरंतर महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि वे उत्कृष्ट उत्पाद तैयार कर रही हैं, किंतु बाजार और उचित मूल्य की समस्या से जूझ रही हैं। इस दिशा में धामी सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाने हेतु महिला मोर्चा प्रदेश नेतृत्व के माध्यम से स्थायी समाधान की पहल करेगा।
कार्यक्रम में इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, प्रदेश मंत्री विमला रावत एवं कुमाऊं संयोजक अंजू भुडडी को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री कैलाश पंत, जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष हेमा नेगी, पूर्व प्रमुख धन सिंह रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष दीप भगत, मोहन नेगी सहित सैकड़ों की संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।











