गदरपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, स्कॉर्पियो से अवैध खैर बरामद

गदरपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, स्कॉर्पियो से अवैध खैर बरामद
गदरपुर। उत्तर प्रदेश वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। वन विभाग की टीम ने एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में बेशकीमती खैर की इमारती लकड़ी बरामद की, जिसे अवैध रूप से तस्करी कर ले जाया जा रहा था। इस कार्रवाई के बाद जहां वन विभाग की सतर्कता की सराहना हो रही है, वहीं मौके पर पुलिस के देर से न पहुंचने को लेकर गदरपुर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग को पिपली जंगल क्षेत्र से अवैध खैर तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्वार रेंज के रेंजर ठाकुर विजय सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आर्य नगर चौकी क्षेत्र में संदिग्ध सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन संख्या HR 51 AI 8290 का पीछा शुरू किया। वाहन चालक को जैसे ही वन विभाग की टीम का आभास हुआ, उसने स्कॉर्पियो की रफ्तार बढ़ा दी।
वन कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए लगातार वाहन का पीछा किया। पीछा करने के दौरान चालक ने पिक्चर हॉल रोड से एक कॉलोनी की ओर वाहन मोड़ दिया और चलते वाहन से कूदकर फरार हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे जाकर एक नाले में फंस गई, जिसे वन विभाग की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में अवैध खैर की लकड़ी बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान वन क्षेत्राधिकारी स्वार ठाकुर विजय सिंह के साथ कुलवीर सिंह, कपिल कुमार, धर्मेन्द्र, जैम्स, रवि कुमार, पंचम, सोनू और अतुल कुमार मौजूद रहे। हैरानी की बात यह रही कि सूचना के बावजूद करीब एक घंटे तक मौके पर कोई पुलिस अधिकारी नहीं पहुंचा, जिससे स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वन विभाग ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें