गांधी पार्क और उत्तरायणी पार्क के कायाकल्प के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू – मेयर विकास शर्मा

गांधी पार्क और उत्तरायणी पार्क के कायाकल्प के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू – मेयर विकास शर्मा
रुद्रपुर। नगर के प्रमुख और ऐतिहासिक पार्कों को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ी पहल की है। शहरवासियों को बेहतर पर्यावरण, मनोरंजन और सुकून भरा सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गांधी पार्क और उत्तरायणी पार्क के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में मेयर विकास शर्मा ने जानकारी साझा की।
मेयर विकास शर्मा ने बताया कि गांधी पार्क के विकास एवं सुंदरीकरण के लिए जिला विकास प्राधिकरण, उधम सिंह नगर द्वारा टेंडर जारी कर दिया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 490.51 लाख रुपये की लागत आएगी। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होते ही पार्क में निर्माण एवं विकास कार्य प्रारंभ कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गांधी पार्क के विकास कार्य को 12 माह की अवधि में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मेयर ने कहा कि गांधी पार्क को आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जाएगा। इसमें आकर्षक लैंडस्केपिंग, हरियाली का विस्तार, पाथवे, बैठने की बेहतर व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटिंग, बच्चों एवं बुजुर्गों के लिए सुविधाएं तथा नागरिकों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण तैयार किया जाएगा, जिससे यह पार्क शहरवासियों के लिए एक आदर्श सार्वजनिक स्थल बन सके।
इसके साथ ही मेयर विकास शर्मा ने बताया कि शहर के दूसरे प्रमुख पार्क उत्तरायणी पार्क के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए भी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस परियोजना पर 285 लाख रुपये की लागत आएगी और इसे 9 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उत्तरायणी पार्क में भी आधुनिक ढांचे, हरित क्षेत्र, बच्चों के खेल उपकरण, सैर के लिए ट्रैक और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
मेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई घोषणाओं के फलस्वरूप इन दोनों पार्कों के विकास कार्यों को गति मिली है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य रुद्रपुर शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ नागरिकों को स्वास्थ्यवर्धक और पर्यावरण के अनुकूल स्थान उपलब्ध कराना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि गांधी पार्क और उत्तरायणी पार्क के कायाकल्प के बाद शहर को एक नया, स्वच्छ और आकर्षक स्वरूप मिलेगा। पार्कों के विकसित होने से न केवल स्थानीय लोगों को लाभ होगा, बल्कि रुद्रपुर आने वाले पर्यटकों के लिए भी यह स्थान आकर्षण का केंद्र बनेंगे। नगर निगम शहर के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और आने वाले समय में अन्य सार्वजनिक स्थलों के विकास की योजनाएं भी बनाई जाएंगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें