हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से दो बालक झुलसे, एक की हालत गंभीर

गदरपुर

घर के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज विद्युत लाइन की चपेट में आने से दो बच्चे झुलस गए। इस हादसे में छह वर्षीय बालक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसकी बड़ी बहन भी झुलस गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी रोष देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गदरपुर के निकटवर्ती ग्राम मजरा शीला में गांव के बीचों-बीच लगा विद्युत ट्रांसफार्मर और उससे जुड़ी 11 हजार वोल्ट की लाइन घरों के ऊपर से गुजर रही है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे छह वर्षीय मोनिश पुत्र दानिश घर की छत पर खेल रहा था। खेलते समय उसका हाथ छत के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन से छू गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। जब 11 वर्षीय बहन इनाया ने भाई को अचेत अवस्था में देखा और उसे छुड़ाने का प्रयास किया, तो वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गई।
चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को तुरंत गदरपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल मोनिश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से हाई वोल्टेज लाइन हटाने की मांग की जा रही थी, लेकिन विभाग की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें