भाजपा के मीडिया संयोजक राजू पाठक ने दिया पद से इस्तीफा
गदरपुर।
भारतीय जनता पार्टी के दिनेशपुर मंडल में मीडिया संयोजक के पद पर कार्यरत राजू पाठक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राजू पाठक लंबे समय से भाजपा के एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में संगठन की सेवा कर रहे थे और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके इस्तीफे से स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार राजू पाठक ने दिनांक 06 जनवरी 2026 को भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेशपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर को एक पत्र लिखकर अपने पद से त्यागपत्र सौंपा। इस्तीफा पत्र में उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर न्याय की मांग तथा सीबीआई जांच कराए जाने की आवश्यकता जताई है।
दूरभाष पर बातचीत के दौरान राजू पाठक ने बताया कि अंकिता हत्याकांड को लेकर लगातार आरोप-प्रत्यारोप लग रहे हैं और अब तक सीबीआई जांच पर कोई स्पष्ट निर्णय न होने से वह आहत हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से निष्पक्ष सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की है।
अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि अंकिता भंडारी उत्तराखंड की बेटी है और इस मामले में व्यक्ति या पार्टी से ऊपर उठकर उत्तराखंड की मर्यादा तथा देवतुल्य जनता की भावनाओं को समझा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे उत्तराखंड की जनता के साथ हैं और राज्य में जब भी बहू-बेटियों के सम्मान की बात होगी, वह अपनी बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। इस्तीफे की प्रति उन्होंने जिला अध्यक्ष काशीपुर एवं मंडल अध्यक्ष दिनेशपुर को प्रेषित की है।











