गदरपुर।
नगर पालिका गदरपुर द्वारा नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने की दिशा में लगातार ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगरपालिका प्रशासन द्वारा आर्यन ग्रुप के माध्यम से नगर की सफाई व्यवस्था के कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर मिंटू ने नारियल तोड़कर, फीता काटकर तथा हरी झंडी दिखाकर सफाई कार्य की शुरुआत कराई।नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर मिंटू ने कहा कि नगर को स्वच्छ रखना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सफाई कार्य का ठेका आर्यन ग्रुप को सौंपा गया है, जिससे नगर की सफाई पहले की तुलना में कई गुना बेहतर होगी। उनका सपना है कि आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर पालिका गदरपुर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करे, जिससे नगर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और अन्य योजनाओं को भी मजबूती मिलेगी।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें और गंदगी न फैलाएं। इस अवसर पर नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी, आर्यन ग्रुप के कर्मचारी तथा नगर के सभासदगण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प लिया।











