गदरपुर के सरकारी बाग से अवैध मजार हटाई गई, प्रशासन की सख्त कार्रवाई

उधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र स्थित सरकारी बाग में अवैध रूप से निर्मित मजार को सोमवार तड़के प्रशासन द्वारा हटाकर बड़ी कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देशों पर की गई। मौके पर उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह, क्षेत्राधिकारी विभव सैनी, तहसीलदार लीना चंद्रा सहित प्रशासन व पुलिस की टीम मौजूद रही। कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि जड़ी-बूटी संस्थान द्वारा पूर्व में उक्त स्थल पर अवैध रूप से बनी संरचना को हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था। इसके साथ ही सरकारी उद्यान विभाग द्वारा भी जिला प्रशासन को पत्र भेजकर अवैध कब्जे की जानकारी दी गई थी। विभाग द्वारा 11 दिसंबर को मौके पर नोटिस चस्पा कर संबंधित पक्ष को दो सप्ताह का समय दिया गया था, लेकिन इस अवधि में किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा कोई दावा अथवा जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।
नोटिस की समयावधि समाप्त होने के बाद प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सोमवार सुबह सरकारी बाग में बनी अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। इसके पश्चात जड़ी-बूटी संस्थान के अधिकारियों द्वारा मौके पर पौधारोपण भी किया गया, ताकि सरकारी भूमि का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके और क्षेत्र को पुनः हरित रूप दिया जा सके।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी यदि कहीं अवैध निर्माण पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना प्रशासन को दें।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें