युवा व्यापारी एवं समाजसेवी मुकेश चावला (सिंटू) के निवास पर अज्ञात कारणों से लगी आग, लाखों का नुकसान

गदरपुर।
नगर के वार्ड संख्या 7 में थाना परिसर के सामने स्थित गली में रहने वाले युवा व्यापारी एवं समाजसेवी मुकेश चावला उर्फ सिंटू के आवास पर अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश चावला, जो नगर में सीसीटीवी कैमरा एवं इंटरनेट वाई-फाई का कार्य करते हैं, घटना के समय परिवार सहित प्रीत विहार कॉलोनी स्थित अपने भाई के घर गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने उनके घर से धुआं उठता देखा और तुरंत फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मुकेश चावला तत्काल अपने निवास पर पहुंचे, ताला खोलकर पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया।
आग की चपेट में आकर इंटरनेट कार्य में उपयोग होने वाली तारें, मॉडेम, राउटर सहित बड़ी मात्रा में तकनीकी उपकरण जलकर नष्ट हो गए। इसके साथ ही कई सीसीटीवी कैमरे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी पूरी तरह खाक हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पालिकाध्यक्ष मनोज गुम्बर मिंटू, सभासद मुकेश चावला, सोमनाथ छाबड़ा, शिवा शर्मा, श्याम कालड़ा, सचिन गुप्ता, सलीम बाबा, विजय अनेजा, आकाश कोचर, समन मुंजाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें