
गदरपुर में सामाजिक सरोकारों को मजबूती देने की दिशा में आज दिनांक 26 मार्च 2026, गुरुवार को सनातन धर्म मंदिर कार्यालय, बुध बाजार में भारत विकास परिषद गदरपुर इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक ने संगठन में नए नेतृत्व के साथ नई शुरुआत का संकेत दिया।
बैठक के दौरान परिषद की पुरानी कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से त्यागपत्र देकर कार्यकारिणी को भंग कर दिया। इसके पश्चात नई कार्यकारिणी के गठन हेतु चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें प्रांतीय संगठन मंत्री रविंद्र बजाज चुनाव अधिकारी के रूप में उपस्थित रहे। उनके निर्देशन में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई।
सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें
अध्यक्ष – राजीव ग्रोवर,
सचिव – डॉ. विप्रजीत विश्वास (सोनू),
कोषाध्यक्ष – सागर गाबा,
महिला सहभागिता (संयोजिका) – श्रीमती अंजू भुड्डी को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर रविंद्र बजाज ने कहा, “भारत विकास परिषद एक संस्कारवान एवं सेवा भावी संगठन है। नई टीम के गठन से निश्चित रूप से संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी। मुझे विश्वास है कि सभी पदाधिकारी समर्पण के साथ समाज हित में कार्य करेंगे।”
वहीं विनोद चुग ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “नई कार्यकारिणी में युवाओं और अनुभवी सदस्यों का संतुलन है, जो संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगा। हमें मिलकर समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना है।”
बैठक में परिषद के सम्मानित सदस्य दीपक सुधा, डॉ. अरविंद धवन, डॉ. अजय श्रीवास्तव, राकेश भुड्डी, राजकुमार भुड्डी, अशोक हुड़िया, राकेश कम्बोज, डॉ. विनीत अरोरा, बंटी छाबड़ा, गौरव मदान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही संगठन में उत्साह का माहौल है और सभी पदाधिकारियों ने परिषद को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।












