गैरसैंण विधानसभा सत्र से विपक्ष का वाकआउट, डोनाल्ड ट्रम्प की तख्ती बनी चर्चा का विषय
गैरसैंण (भराड़ीसैंण)।
उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के पहले ही दिन सदन में राजनीतिक गर्माहट देखने को मिली। विपक्षी दलों ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए सदन की कार्यवाही से वाकआउट कर दिया। इस दौरान विपक्ष के हाथों में दिखाई दी डोनाल्ड ट्रम्प के नाम वाली तख्ती भी खासा चर्चा का विषय बनी रही।
विपक्ष ने सरकार पर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर विधानसभा सत्र को केवल चार दिनों तक सीमित कर रही है, जिससे जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा नहीं हो सके। विपक्षी नेताओं का कहना था कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, पलायन और क्षेत्रीय विकास जैसे कई अहम मुद्दे हैं, जिन पर सदन में गंभीर बहस होनी चाहिए।
विपक्ष की मांग थी कि विधानसभा सत्र को कम से कम 30 दिन तक चलाया जाए, ताकि जनता के सवालों और समस्याओं को प्रभावी तरीके से सदन में उठाया जा सके।
वहीं विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार कम समय में सत्र समाप्त कर जनता के मुद्दों पर लीपापोती करना चाहती है। इसी विरोध के चलते विपक्षी विधायकों ने नारेबाजी करते हुए सदन से वाकआउट किया।
सदन के बाहर भी विपक्ष ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और कहा कि लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष और लंबी बहस जरूरी होती है, लेकिन सरकार इससे बचने की कोशिश कर रही है।











