“ड्रग्स फ्री देवभूमि” के लक्ष्य की ओर उधम सिंह नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6000 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार
उधम सिंह नगर। उत्तराखंड राज्य को “ड्रग्स फ्री देवभूमि” बनाने के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प को साकार करने के लिए उधम सिंह नगर पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर श्री अजय गणपति के नेतृत्व में जनपद पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के अंतर्गत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर तस्कर को भारी मात्रा में नशीली दवा के साथ गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर श्री अजय गणपति द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अपराध श्री जितेंद्र चौधरी तथा पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर श्री उत्तम सिंह नेगी के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी सितारगंज श्री भूपेंद्र सिंह धौनी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली किच्छा श्री प्रकाश सिंह दानू और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रभारी श्री राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में एएनटीएफ उधम सिंह नगर तथा कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा यह अभियान चलाया गया।

दिनांक 08 मार्च 2026 को किच्छा कोतवाली क्षेत्रांतर्गत डीडी चौक के पास पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध Hyundai EXTER कार (रजिस्ट्रेशन नंबर UK06BM 9002) को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 25 डिब्बों में कुल 6000 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए।
इतनी बड़ी मात्रा में अवैध नशीली दवा बरामद होने पर पुलिस ने मौके से कार में सवार युवक मो. शाहबाज पुत्र लईक अहमद निवासी वार्ड नंबर 19, रजा मस्जिद के पास, सिरोली कला थाना पुलभट्टा जिला उधम सिंह नगर, उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा अभियुक्त को धारा 8/22/60 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत समय 23:40 बजे गिरफ्तार किया गया तथा कोतवाली किच्छा में एफआईआर संख्या 89/26 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। इसके पश्चात अभियुक्त को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस पूछताछ के दौरान अभियुक्त मो. शाहबाज ने बताया कि बरामद ट्रामाडोल कैप्सूल उसे उसके बड़े भाई रईस अहमद ने दिए थे, जिन्हें वह अपने घर से लेकर आया था। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि यह नशीली दवा बरेली से लाई गई थी। पुलिस द्वारा अब इस पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। विवेचक द्वारा इस संबंध में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि बरामद की गई यह नशीली दवा क्षेत्र में अवैध रूप से सप्लाई किए जाने की तैयारी में थी। समय रहते पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी के कारण इस बड़ी खेप को पकड़ लिया गया, जिससे नशा तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
अभियुक्त का नाम व पता
मो. शाहबाज
पुत्र – लईक अहमद
निवासी – वार्ड नंबर 19, रजा मस्जिद के पास, सिरोली कला
थाना – पुलभट्टा, जिला – उधम सिंह नगर
बरामद माल का विवरण
25 डिब्बों में कुल 6000 कैप्सूल ट्रामाडोल
एक काले रंग की Hyundai EXTER कार (रजि. नं. UK06BM 9002)
Vivo कंपनी का एक मोबाइल फोन
₹51,000 नकद
पुलिस टीम
श्री प्रकाश सिंह दानू – प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली किच्छा
निरीक्षक श्री राजेश पाण्डेय – एएनटीएफ प्रभारी, उधम सिंह नगर
उप निरीक्षक मनोज कुमार सिंह
उप निरीक्षक दीपक जोशी
हेड कांस्टेबल भुवन चंद्र पांडेय (ANTF)
हेड कांस्टेबल नरेंद्र कन्याल
हेड कांस्टेबल हेमचंद्र
कांस्टेबल विनोद खत्री (ANTF)
उधम सिंह नगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार सख्ती से जारी रहेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना पुलिस की प्राथमिकता है और नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी नशे के अवैध कारोबार या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने के इस अभियान को सफल बनाया जा सके।











