हल्द्वानी
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में रम्पुरा वार्ड संख्या 24 निवासी ओमप्रकाश पुत्र तोलाराम ने अपने परिजनों के साथ आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल से मुलाकात कर एक शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने बाजपुर में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान उनके 17 वर्षीय पुत्र की मारपीट कर छत से नीचे फेंककर हत्या किए जाने के मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने आईजी को बताया कि ओमप्रकाश दिव्यांग एवं अत्यंत निर्धन परिवार से हैं। 23 नवंबर 2025 की रात्रि वह अपने पुत्र सचिन के साथ अपने रिश्तेदार की बरात में टोपा कॉलोनी, बाजपुर गया था। आरोप है कि रात्रि करीब 12 बजे दुल्हन के सगे भाई भट्टी व प्रकाश पुत्रगण नंदन सिंह, डीजे संचालक राजपाल पुत्र चंद्र पाल, आकाश, नन्नी, मौसेरे भाई सदुल व अमित पुत्रगण नन्हे सहित अन्य लोगों ने बारातियों के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी और तमंचे लहराकर दहशत फैलाने का प्रयास किया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार आरोपियों ने सचिन पर जानलेवा हमला किया, उसे बेरहमी से पीटा और छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल सचिन को पहले नजदीकी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उसे काशीपुर हायर सेंटर रेफर किया गया। इसके बाद परिजनों ने उसे रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर उसे राममूर्ति अस्पताल भोजीपुरा, बरेली ले जाया गया, जहां 28 नवंबर 2025 को उसकी मृत्यु हो गई।
पीड़ित पिता ओमप्रकाश ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना बाजपुर थाने में दी गई और मुकदमा दर्ज हुआ, लेकिन पुलिस ने अब तक केवल एक आरोपी के खिलाफ ही कार्रवाई की है। शेष आरोपी प्रभावशाली और राजनीतिक पहुंच वाले बताए जा रहे हैं, जो परिवार को लगातार धमकियां दे रहे हैं। इससे परिजन भय के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।











