रुद्रपुर।
रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर रहे क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा ने रम्पुरा क्षेत्र का दौरा कर एक साथ कई विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने इन सभी कार्यों को जनता को समर्पित करते हुए कहा कि रम्पुरा क्षेत्र से उनका विशेष भावनात्मक लगाव रहा है और यहां के सर्वांगीण विकास के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं।
विधायक शिव अरोरा सोनिया होटल के समीप स्थित शिव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। विधायक को सुनने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं और युवा मौजूद रहे। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि रम्पुरा क्षेत्र ने सदैव भारतीय जनता पार्टी को अपार स्नेह और समर्थन दिया है, जिसे वह कभी भूल नहीं सकते। इसी स्नेह के कारण उन्होंने अपने कार्यकाल में रम्पुरा के मंदिरों, सामुदायिक भवनों और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं विकास को प्राथमिकता दी है।
इस दौरान विधायक शिव अरोरा द्वारा चार प्रमुख विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। विधायक निधि से वार्ड नंबर 24 में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। वहीं वार्ड नंबर 22 के इमली मोहल्ला में बंटी के घर के सामने बनी पुलिया का लोकार्पण कर उसे जनता को समर्पित किया गया। इसके साथ ही वार्ड नंबर 22 में शिव मंदिर द्वार निर्माण कार्य का शिलान्यास तथा इमली मंदिर के निकट भवन निर्माण एवं सौंदर्यकरण कार्य का भी शिलान्यास विधायक द्वारा किया गया।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उनके कार्यकाल में विकास के सुस्त पड़े पहिये ने अब रफ्तार पकड़ ली है। छोटी-छोटी गलियों में सड़क और नाली निर्माण से लेकर रुद्रपुर में बड़े-बड़े प्रोजेक्ट लाने तक निरंतर कार्य किया गया है। उन्होंने रिंग रोड निर्माण, इंदिरा चौक से डीडी चौक अटरिया मोड़ तक चौड़ीकरण एवं सौंदर्यकरण, मोदी मैदान में स्टेडियम निर्माण की शुरुआत और वर्ष 2026 से केंद्रीय विद्यालय में कक्षाएं शुरू कराने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विकासोन्मुखी सोच के कारण ही यह सब संभव हो पाया है। बीते चार वर्ष से भी कम समय के कार्यकाल में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक उन विकास कार्यों को गति दी गई है, जिनकी दशकों से किसी जनप्रतिनिधि ने सुध नहीं ली थी। अंत में विधायक ने कहा कि जनता जनार्दन के स्नेह और विश्वास से ही यह विकास यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
कार्यक्रम में वार्ड नंबर 21 के पार्षद गिरीश पाल, वार्ड नंबर 22 के पार्षद प्रतिनिधि चंद्रसेन चंदा सहित राज कोली, शिव करण कोली, ब्रजपाल कोली, सौरभ गुप्ता, भगवान दास, हरिशंकर, ओमप्रकाश, संजू, राजकुमार कोली, राकेश चंद्र, मोहन देवी, भीमसेन गुप्ता, दीनानाथ, पूनम कोली, किरन विर्क, मनोज मदान, मंदीप वर्मा, डॉ. महेश कोली, सुनील यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











