गदरपुर।
पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि श्री प्रीत ग्रोवर ने गदरपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उत्तराखंड के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी द्वारा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार किए जा रहे प्रयास गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित हो रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री श्री गुंजन सुखीजा के योगदान की भी सराहना की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री ग्रोवर ने बताया कि बुक्सा जनजाति के आराध्य, श्रद्धेय राजा जगत देव जी की 9 फुट ऊंची एवं लगभग 1100 किलोग्राम वजनी कांस्य अष्टधातु से निर्मित भव्य एवं आलौकिक प्रतिमा का अनावरण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया, जो क्षेत्रवासियों के लिए गौरव और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा न केवल बुक्सा समाज की आस्था का केंद्र बनेगी, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाइयां प्रदान करेगी।
श्री ग्रोवर ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने डल बाबा मंदिर परिसर के विकास के लिए बाउंड्री वॉल, लंगर हाल, शौचालय निर्माण तथा सौंदर्यकरण की घोषणा कर श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात दी है। इसके अतिरिक्त वर्षों से लंबित मांगों को पूरा करते हुए खेमपुर से बिशनपुर होते हुए बलराम नगर तक की सड़क तथा सीतापुर से भरतपुर होते हुए ए.एन.के. इंटर कॉलेज तक लगभग 4 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की घोषणा भी की गई है।
उन्होंने कहा कि इन सभी विकास कार्यों का प्रतिफल भाजपा प्रदेश मंत्री श्री गुंजन सुखीजा के अथक प्रयासों, सक्रिय भूमिका एवं विकासशील सोच का परिणाम है। उनके सतत प्रयासों से गदरपुर क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य गति पकड़ रहे हैं।
अंत में श्री प्रीत ग्रोवर ने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले बुक्सा जनजाति के जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति तथा कार्यक्रम में सहभागिता निभाने वाले बुक्सा समाज के समस्त लोगों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया











