रुद्रपुर में 369.66 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास
रुद्रपुर। गांधी मैदान में कृषि विभाग द्वारा आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान 46.32 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 9 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 323.34 करोड़ रुपये की लागत के 32 विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि “जब खेत बचेंगे, जमीन बचेगी और जमीन बचेगी तो जीवन बचेगा।” उन्होंने किसानों से मिट्टी परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरकों के उपयोग, प्राकृतिक खेती अपनाने और भूमि संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और केंद्र सरकार राज्य को हरसंभव सहयोग देगी।

उन्होंने बताया कि मुक्तेश्वर में 100 करोड़ रुपये की लागत से क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित किया जाएगा। बड़ी एवं छोटी नर्सरियों को क्रमशः 4 करोड़ और 2 करोड़ रुपये तक की सहायता दी जाएगी। चौबटिया में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना तथा न्यूजीलैंड के सहयोग से कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने की कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है। इसके अलावा फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ हेतु 65 करोड़ रुपये तथा ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन स्थापित करने के लिए 104 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वस्थ किसान, स्वस्थ मिट्टी और स्वस्थ कृषि व्यवस्था ही विकसित उत्तराखंड की मजबूत नींव है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने तथा मिट्टी के स्वास्थ्य की रक्षा करने का आह्वान करते हुए कहा कि “खेत बचाओ अभियान” भविष्य की पीढ़ियों के लिए भूमि संरक्षण का जनआंदोलन है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, डिजिटल कृषि मिशन तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों को लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार तीन लाख रुपये तक ब्याज मुक्त कृषि ऋण, निःशुल्क सिंचाई, कृषि उपकरणों पर 80 प्रतिशत तक अनुदान तथा बागवानी और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए घेरबाड़ के लिए 65 करोड़ रुपये, जैविक खेती हेतु 10 करोड़ रुपये की सहायता तथा मंडुवा और झंगोरा को एमएसपी में शामिल करने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, बंशीधर भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।










