गदरपुर।
नगर पालिका कार्यालय परिसर में आज 30 जनवरी 2026 को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत एक गरिमामयी आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में उन पात्र परिवारों को आमंत्रित किया गया, जिनके आवास निर्माण हेतु आवेदन शासन द्वारा स्वीकृत किए गए हैं। समारोह में योजना के अंतर्गत चयनित 28 लाभार्थियों को विधिवत स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री मनोज गुम्बर एवं प्रदेश मंत्री श्री गुंजन सुखीजा की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बनाया। साथ ही अधिशासी अधिकारी श्री कैलाश सिंह पटवाल एवं नगर के समस्त सम्मानित सभासदगण मंचासीन रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष श्री मनोज गुम्बर ने कहा कि “हर नागरिक का यह सपना होता है कि उसके सिर पर अपना पक्का छत हो। प्रधानमंत्री आवास योजना उसी सपने को साकार करने का सशक्त माध्यम है। नगर पालिका पूरी प्रतिबद्धता और पारदर्शिता के साथ यह सुनिश्चित कर रही है कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।” उन्होंने कहा कि यह योजना केवल मकान देने तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों को सम्मान और सुरक्षा का एहसास भी कराती है।
प्रदेश मंत्री श्री गुंजन सुखीजा ने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में मील का पत्थर साबित हो रही है। “आज जिन 28 परिवारों को स्वीकृति पत्र मिले हैं, उनके जीवन में स्थायित्व और खुशहाली का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है,” उन्होंने कहा।
वहीं अधिशासी अधिकारी श्री कैलाश सिंह पटवाल ने बताया कि सभी आवेदनों की गहन जांच एवं सत्यापन के बाद ही लाभार्थियों का चयन किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।
समारोह में सभासद श्री संचिन गुप्ता, श्री परमजीत सिंह, श्री रमन छाबड़ा, श्री मुकेश चावला, सभासद प्रतिनिधि श्री इदरीश पाशा, श्री मोमिन, श्री सलीम बाबा, श्री नाजिर, श्री बृजेश चौधरी सहित समस्त नगर पालिका कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह, विश्वास और सामाजिक सरोकार की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।












