गदरपुर में प्रथम देवभूमि समान नागरिक संहिता दिवस का भव्य आयोजन

गदरपुर में प्रथम देवभूमि समान नागरिक संहिता दिवस का भव्य आयोजन
यूसीसी के एक वर्ष पूर्ण होने पर तहसील परिसर में लगा बहु-विभागीय जन-जागरूकता शिविर
गदरपुर।
उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के प्रवर्तन के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मंगलवार को तहसील गदरपुर में प्रथम देवभूमि समान नागरिक संहिता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को यूसीसी के प्रावधानों की जानकारी देना, पंजीकरण को प्रोत्साहित करना एवं सामाजिक समानता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।


इस अवसर पर तहसील परिसर में एक वृहद जन-सुविधा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें नगर पालिका परिषद गदरपुर, नगर पंचायत गुलारभोज, नगर पंचायत दिनेशपुर, बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग, खंड विकास विभाग एवं शिक्षा विभाग द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए। शिविर में विभिन्न विभागों ने यूसीसी से संबंधित जानकारी प्रदान की तथा मौके पर ही पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई।


कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिवक्तागणों, उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार द्वारा समान नागरिक संहिता के महत्व, उद्देश्य और इसके सामाजिक प्रभावों पर अपने विचार साझा किए गए। वक्ताओं ने कहा कि यूसीसी कानून समाज में समानता, पारदर्शिता और महिलाओं के अधिकारों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।


शिविर के दौरान जनपद में अब तक सर्वाधिक यूसीसी पंजीकरण कराए जाने के लिए नगर पालिका गदरपुर के अधिशासी अधिकारी श्री मोहम्मद यासीन को सम्मानित किया गया। वहीं लक्ष्य के सापेक्ष उत्कृष्ट कार्य करने पर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी श्री दीपक असगोला को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यूसीसी को लेकर बच्चों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभाग करने वाले बच्चों ने कानून के सामाजिक महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उत्साहित किया गया।
शिविर में लगभग 600 लोगों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 291 नागरिकों ने यूसीसी के अंतर्गत अपना पंजीकरण कराया। विशेष रूप से नगर पालिका गदरपुर के अध्यक्ष श्री मनोज गुंबर द्वारा स्वयं अपना विवाह पंजीकरण कराया गया, जिन्हें मौके पर ही प्रमाण पत्र प्रदान किया गया, जिससे आमजन में सकारात्मक संदेश गया।
कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए आकर्षक सेल्फी पॉइंट पर लोगों ने फोटो खिंचवाए तथा सुझाव पेटिका के माध्यम से अपने विचार और सुझाव भी साझा किए। उपजिलाधिकारी महोदया द्वारा एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।


कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों द्वारा अधिक से अधिक नागरिकों से यूसीसी के अंतर्गत पंजीकरण कराने की अपील की गई तथा सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगी विभागों का आभार व्यक्त करते हुए शिविर का सफल समापन किया गया।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें