रुद्रपुर
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट आगामी 16 जनवरी से 22 जनवरी तक एक सप्ताह के कुमाऊँ प्रवास पर रहेंगी। इस प्रवास के दौरान उनके साथ महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी एवं कुमाऊँ संयोजक अंजु भुडडी भी उपस्थित रहेंगी। यह जानकारी कुमाऊँ संयोजक अंजु भुडडी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
अंजु भुडडी ने बताया कि यह प्रवास संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने, महिला कार्यकर्ताओं को दिशा देने तथा स्वयं सहायता समूहों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। प्रवास की शुरुआत 16 जनवरी को हल्द्वानी से होगी, जहां महिला कार्यकर्ताओं एवं की-वोटर के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।
17 जनवरी को संगठनात्मक जिला रानीखेत में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक होगी तथा रात्रि विश्राम अल्मोड़ा में किया जाएगा। 18 जनवरी को अल्मोड़ा में प्रातः 11 बजे स्वयं सहायता समूह एवं की-वोटर के साथ संवाद तथा दोपहर 1 बजे महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। इसके पश्चात रात्रि विश्राम बागेश्वर में रहेगा।
19 जनवरी को बागेश्वर में स्वयं सहायता समूहों की बहनों के साथ बैठक एवं महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं से संवाद के बाद रात्रि विश्राम पिथौरागढ़ में किया जाएगा। 20 जनवरी को पिथौरागढ़ में स्वयं सहायता समूह, की-वोटर एवं महिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के उपरांत रात्रि विश्राम चंपावत में रहेगा। 21 जनवरी को चंपावत में कार्यक्रम के पश्चात जिला ऊधम सिंह नगर के लिए प्रस्थान कर खटीमा में थारू समाज की स्वयं सहायता समूह की बहनों से भेंट तथा महिला कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया जाएगा। 22 जनवरी को संगठनात्मक जिला काशीपुर में महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के साथ इस प्रवास का समापन होगा।
अंजु भुडडी ने कहा कि इस पूरे प्रवास के दौरान प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट एवं प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी के मार्गदर्शन से महिला मोर्चा की कार्यशैली को नई ऊर्जा मिलेगी। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों एवं की-वोटर तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी महिला शक्ति के बल पर तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार काबिज होगी।।











