अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सैकड़ों लोगों का कैंडल मार्च, सीबीआई जांच की उठी आवाज

अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सैकड़ों लोगों का कैंडल मार्च, सीबीआई जांच की उठी आवाज
अंकिता भंडारी की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराए जाने की मांग को लेकर क्षेत्र में जनआक्रोश देखने को मिला। कौशल्या, नंद विहार, आनंद विहार, मैत्री विहार कॉलोनी, मां सरस्वती कॉलोनी, हिल व्यू सिटी, फुलसुंगा, फुलसुंगी, बालाजीपुरम सहित अनेक कॉलोनियों के सैकड़ों महिला, पुरुष एवं युवाओं ने एकजुट होकर कैंडल मार्च निकाला। यह कैंडल मार्च दक्ष चौराहे से प्रारंभ होकर गोल्ज्यू (गोलू) मंदिर तक निकाला गया।
कैंडल मार्च में शामिल लोग हाथों में मोमबत्तियां लेकर अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराए जाने की मांग कर रहे थे। पूरे मार्ग में “अंकिता को न्याय दो”, “सीबीआई जांच कराओ” जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा। मार्च के दौरान लोगों में शोक, आक्रोश और न्याय की मांग साफ झलक रही थी।
गोलू मंदिर पहुंचकर सभी प्रतिभागियों ने न्याय के देवता श्री गोलू से प्रार्थना करते हुए अंकिता भंडारी को शीघ्र न्याय दिलाने की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि यह मामला केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि समाज की बेटियों की सुरक्षा से जुड़ा है। जब तक सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों को कठोर सजा नहीं मिलती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
इस अवसर पर विधायक किच्छा तिलक राज बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, मोहन खेड़ा, संजय जुनेजा, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री हरीश पनेरू, हरीश मिश्रा, गोपाल पटवाल, राजेंद्र बोरा, दिनेश बम, लाल सिंह, शिशुपाल, हंसी मिश्रा, प्रभा मिश्रा, संजय सिंह, अशोक चोपड़ा, नेहा पांडे, हेमा गोस्वामी, रूपाली चौहान, श्वेता गंगवार, कंचन हरबोला, कल्पना पांडे, दीपक कुमार, आशीष, कैलाश भंडारी, अवधेश महाराज, नागेंद्र तिवारी, हेम पंत, सुनीता, मनीषा पांडे सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
सभी ने एक स्वर में कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए समाज को एकजुट रहना होगा और सीबीआई जांच की मांग को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें