अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस का जोरदार विरोध, भाजपा सरकार का पुतला फूंका

किच्छा

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार को किच्छा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता नगर कार्यालय पर एकत्रित हुए और सरकार पर मामले को दबाने व दोषियों को बचाने के आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर कार्यालय से दीन दयाल चौक तक प्रदेश सरकार के पुतले के साथ प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “न्याय दो–न्याय दो”, “भाजपा सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। पूरे मार्ग में माहौल पूरी तरह से आक्रोशपूर्ण रहा।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे नगर अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में लगातार सच्चाई को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की एक नेत्री द्वारा सोशल मीडिया पर जारी किए गए वीडियो और बयानों से सरकार की सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि वीडियो सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि एक वीआईपी और भाजपा के वरिष्ठ नेता को बचाने के लिए जांच को प्रभावित किया गया। उन्होंने मांग की कि प्रदेश सरकार नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दे।
उन्होंने कहा कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी और सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग दोहराई।
इसके बाद दीन दयाल चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रदर्शन में निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, विधायक प्रतिनिधि गौरव बेहड़, नगर महामंत्री जीवन जोशी, ओमप्रकाश दुआ, बंटी पपनेजा, गुलशन सिंधी, एन.यू. खान, दानिश मलिक, दलजीत कक्कड़, फ़िरासत खान, फ़ज़ील खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें