पहलवान फूल बाबू ने बढ़ाया उत्तर प्रदेश पुलिस का मान-सम्मान

गदरपुर।
क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व सभासद मोहम्मद आलम द्वारा अपने पिता मरहूम छोटे पहलवान की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय भव्य कुश्ती दंगल का सफल समापन हुआ। इस आयोजन ने न केवल ग्रामीण खेल संस्कृति को जीवंत किया, बल्कि हजारों दर्शकों को रोमांच और गर्व का अनुभव भी कराया। दंगल में गदरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी पहुंचे और देश-प्रदेश से आए नामचीन पहलवानों की जोरदार कुश्तियों का आनंद लिया।
इस प्रतिष्ठित दंगल में उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद के स्वार निवासी मरहूम आरिफ पहलवान के छोटे भाई फूल बाबू पहलवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक जीत हासिल की। अपने मजबूत दाव-पेच, अनुशासन और अनुभव के दम पर फूल बाबू ने मुकाबले को अपने नाम कर दर्शकों का दिल जीत लिया। उल्लेखनीय है कि फूल बाबू पहलवान वर्तमान में उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में पुलिस कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। उनका चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में स्पोर्ट्स कोटे के अंतर्गत हुआ था। उनकी इस जीत से न केवल क्षेत्र का नाम रोशन हुआ, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस का मान-सम्मान भी बढ़ा।
जीत के बाद भावुक हुए फूल बाबू पहलवान ने कहा कि इस सफलता का श्रेय वे अपने बड़े भाई मरहूम आरिफ पहलवान को देते हैं। उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई ने अपने जीवन में सैकड़ों कुश्तियां लड़ीं और उन्हीं के संघर्ष, अनुशासन व अनुभव से उन्हें प्रेरणा मिली। फूल बाबू ने कहा कि जब भी वे अखाड़े में उतरते हैं, तो अपने भाई की सीख और मार्गदर्शन को याद कर ही मुकाबला करते हैं। उन्होंने इस जीत को अपने बड़े भाई के पुत्र एवं अपने भतीजे मोहम्मद आकिब को समर्पित किया।
दंगल के समापन अवसर पर हजारों की संख्या में मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ फूल बाबू का स्वागत किया। आयोजकों और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें माल्यार्पण कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह कुश्ती दंगल क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और पारंपरिक खेलों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक यादगार आयोजन साबित हुआ।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें