सत्ता की हनक में कानून को रखा ताक पर! गदरपुर चेयरमैन के पुत्र की दबंगई की चर्चा जोरो पर

होटल के पास रंजिशन हमला, 5 नामजद समेत 12 पर केस, गिरफ्तारी शून्य
गदरपुर। गदरपुर में एक बार फिर सत्ता की हनक ने कानून को खुलेआम चुनौती दी है। नगर पालिका चेयरमैन के पुत्र पर रंजिश के चलते धौलपुर होटल के पास सरेआम दबंगई दिखाने, गाली-गलौज करने और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चेयरमैन पुत्र समेत पांच नामजद और सात अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन घटना के दो दिन बाद भी किसी की गिरफ्तारी न होना पुलिस की निष्पक्षता पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।
पीड़ित के अनुसार घटना सुनियोजित थी। आरोप है कि चेयरमैन का पुत्र अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचा और देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया, जिससे पीड़ित को गंभीर चोटें आईं। हमले के दौरान आरोपी सत्ता का रौब दिखाते हुए धमकाते रहे कि “हम चेयरमैन के बेटे हैं, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” इस बयान ने पूरे मामले को और भी संगीन बना दिया है।
पीड़ित ने अपनी तहरीर में साफ लिखा है कि हमला जान से मारने की नीयत से किया गया। इसके बावजूद पुलिस की सुस्त कार्रवाई लोगों में आक्रोश पैदा कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोपी किसी आम परिवार से होते तो अब तक जेल की सलाखों के पीछे होते। लेकिन सत्ता से जुड़ाव होने के कारण पुलिस हाथ डालने से बचती नजर आ रही है।
इलाके में इस घटना को लेकर भारी रोष है। लोगों का आरोप है कि चेयरमैन पुत्र पहले भी कई विवादों में रहा है, लेकिन हर बार राजनीतिक रसूख उसे बचा लेता है। अब जनता खुलकर सवाल पूछ रही है कि क्या कानून सिर्फ कमजोर और आम लोगों के लिए है?
फिलहाल पुलिस जांच का भरोसा दिला रही है, लेकिन जनता की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इस बार दबंगई पर कार्रवाई होगी या कानून एक बार फिर सत्ता के हाथों की कठपुतली बन कर रह जाता हैं ,

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें