रुद्रपुर।
दशकों से लंबित चली आ रही महतोष–मनु नगर मार्ग की मांग पूरी होने की ओर तो बढ़ रही है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के चलते जनता की परेशानी कम होने के बजाय और बढ़ती नजर आ रही है। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग क्षेत्रवासियों के साथ सड़क पर उतरे और निर्माण कार्य में बरती जा रही गंभीर लापरवाही पर कड़ा विरोध जताया।
यह सड़क लंबे समय से स्थानीय जनता की प्रमुख मांग रही है। सांसद अजय भट्ट एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार से बजट स्वीकृत कराया, जिसके बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ। अमित नारंग ने इसके लिए सरकार और सांसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अधिकारियों की लापरवाही इन प्रयासों पर पानी फेर रही है।
सड़क निर्माण के दौरान सामने आया कि जल संस्थान की पाइपलाइन सड़क के बीचों-बीच आ गई, जिससे अब तक किया गया लाखों रुपये का कार्य व्यर्थ होने की स्थिति में है। अधिकारियों द्वारा पाइपलाइन को स्थानांतरित करने के लिए नया इस्टीमेट बनाने की बात कही जा रही है, जिससे न केवल निर्माण में देरी होगी बल्कि सरकारी धन की बर्बादी भी तय मानी जा रही है।
इस पर अमित नारंग ने अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह लापरवाही सीधे तौर पर सरकारी धन और जनता के विश्वास दोनों की बर्बादी है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी कार्यशैली को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अमित नारंग ने जनता को आश्वस्त किया कि इस पूरे मामले की शासन स्तर पर जांच कराई जाएगी और जो भी अधिकारी या कार्यदाई संस्था दोषी पाई जाएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को गुणवत्तापूर्ण सड़क और समय पर राहत दिलाना ही उनकी प्राथमिकता है।











