रूद्रपुर। शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय के बाहर एक भावुक और मानवता से जुड़ी घटना सामने आई, जब माता-पिता से बिछुड़ा दस माह का मासूम कुछ ही घंटों में सुरक्षित रूप से अपने परिवार से मिल गया। इस पूरे घटनाक्रम में नगर निगम रूद्रपुर की त्वरित पहल, प्रशासनिक सजगता और समस्त पत्रकार बंधुओं के सहयोग ने अहम भूमिका निभाई। बच्चे के सकुशल मिलने पर जहां परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं नगर निगम परिसर में खुशी और भावुकता का माहौल देखने को मिला।
लालपुर निवासी दंपत्ति रोहित रस्तौगी और उनकी पत्नी रूपा कुमारी शुक्रवार दोपहर अपने दस माह के पुत्र मन्नू के साथ मुरादाबाद जाने के लिए रोडवेज बस स्टेशन पहुंचे थे। बस के प्रस्थान में कुछ समय शेष था। इसी दौरान पति-पत्नी शौचालय जाने के लिए बस में पहले से सवार एक कॉलेज छात्रा सिमरन से कुछ देर के लिए बच्चे की देखरेख करने का अनुरोध कर चले गए। दुर्भाग्यवश, इसी बीच बस चल पड़ी और मासूम मन्नू छात्रा की गोद में ही रह गया, जबकि उसके माता-पिता बस स्टेशन पर ही रह गए।
अचानक हुई इस घटना से घबराई छात्रा सिमरन ने समझदारी दिखाते हुए बस को नगर निगम कार्यालय के सामने रुकवाया और तुरंत मासूम के माता-पिता की तलाश शुरू की। इसकी सूचना नगर निगम अधिकारियों एवं उपस्थित पत्रकारों को दी गई। सूचना मिलते ही पत्रकार बंधुओं द्वारा आसपास के क्षेत्रों में जानकारी प्रसारित की गई, जिससे कुछ ही समय में बच्चे के माता-पिता तक सूचना पहुंच गई।
कई घंटों की बेचैनी और चिंता के बाद जब मासूम मन्नू अपने माता-पिता से मिला, तो भावुक क्षण देखने को मिले। परिजनों ने नगर निगम रूद्रपुर एवं समस्त पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की। इस अवसर पर अधिकारियों ने माता-पिता को भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही से बचने की सख्त हिदायत दी और कहा कि थोड़ी-सी सावधानी बड़े हादसे को टाल सकती है।











