बुक्सा समाज के आराध्य राजा जगत देव के छठे वार्षिक उत्सव में उमड़ा जनसैलाब, डल बाबा मंदिर बना आस्था का केंद्र

गदरपुर
डल बाबा मंदिर परिसर में बुक्सा समाज के आराध्य परम श्रद्धेय राजा जगत देव के छठे वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में बुक्सा जनजाति समाज के लोग दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल हुए। पूरा क्षेत्र भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया। समाज के लोगों ने राजा जगत देव को स्मरण करते हुए उनके द्वारा समाज और हिंदू संस्कृति के लिए किए गए कार्यों को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य शोभायात्रा से हुई, जिसमें सबसे आगे घोड़े पर सवार कलाकार राजा जगत देव के स्वरूप में चल रहा था। शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयघोष ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद दो दिवसीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का समापन भी किया गया, जिसमें बुक्सा समाज की करीब 30 टीमों ने भाग लिया और खेल भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद बलराज पासी ने राजा जगत देव को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज और हिंदू संस्कृति की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों को याद रखना और आने वाली पीढ़ियों तक उनकी गाथा पहुंचाना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने समाज से एकजुट रहने और अपने इतिहास पर गर्व करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे का कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर लोगों ने कंधों पर उठाकर भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बुक्सा समाज हमेशा समाजहित में कार्य करने वाला समाज रहा है। उन्होंने डल बाबा मंदिर को एक नई पहचान दिलाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थल आस्था और एकता का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने उन असामाजिक तत्वों की कड़ी निंदा की जिन्होंने लगभग दस माह पूर्व राजा जगत देव की मूर्ति को खंडित किया था और प्रशासन से मांग की कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बुक्सा समाज के घावों पर मरहम लगाया जा सके।
इस अवसर पर डल बाबा मंदिर परिसर में विशाल मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानों, झूलों और खानपान की व्यवस्थाओं ने लोगों को आकर्षित किया और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने मेले का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम के संयोजक अतुल पांडे ने आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया और कहा कि आने वाले वर्षों में इस उत्सव को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में अमर सिंह, राकेश सिंह, लाखन सिंह, धर्म सिंह, स्वरूप सिंह, मुकेश सिंह, कन्हैया सिंह, चरण सिंह सहित बुक्सा समाज के अनेक गणमान्य लोग और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें