गदरपुर
जिलाधिकारी महोदय ऊधमसिंहनगर द्वारा प्रदत्त आदेशों के अनुपालन में दिनांक 19 दिसंबर 2025 को ग्राम झगड़पुरी में अवैध रूप से बड़े पशुओं की खालों के भंडारण की सूचना पर प्रशासन द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। मोहम्मद निजाम के घर से लगे गोदाम पर उपजिलाधिकारी महोदया की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, पुलिस एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। मौके पर भैंस की खालों के लगभग 35 ढेर पाए गए, जिनसे खून एवं गंदगी का रिसाव हो रहा था, जिससे पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।
प्रशासन ने तत्काल गोदाम को सील करते हुए उसे पूर्व प्रधान की सुपुर्दगी में सौंपा तथा सभी विभागों द्वारा संयुक्त आख्या तैयार की गई। इसके पश्चात उपजिलाधिकारी गदरपुर द्वारा तहसीलदार, चिकित्साधिकारी एवं पशु चिकित्साधिकारी से पृथक-पृथक रिपोर्ट तलब की गई। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 152(ख) के अंतर्गत मोहम्मद निजाम को नोटिस जारी किया गया, किंतु वह कोई संतोषजनक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सका।
फलस्वरूप दिनांक 09 जनवरी 2026 को उपजिलाधिकारी गदरपुर द्वारा सील की गई खालों को नष्ट करने के आदेश दिए गए। आदेश के अनुपालन में 14 जनवरी 2026 को राजस्व, पशुपालन, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की उपस्थिति में खालों के ढेर नष्ट किए गए। पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके पर नमक का छिड़काव कर गड्ढों को बंद किया गया। इस कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक विनोद कुमार, क्षेत्रीय राजस्व उपनिरीक्षक राजीव कुमार, पशु चिकित्साधिकारी रवि झा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।











