डॉ. अंजनी कुमार : सेवा, समर्पण और चिकित्सा क्षेत्र में एक मिसाल
गदरपुर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर को एक अनुभवी, अनुशासित और सेवा-भाव से ओतप्रोत चिकित्सक के रूप में डॉ. अंजनी कुमार के रूप में सक्षम चिकित्सा अधीक्षक मिला है। डॉ. अंजनी कुमार का संपूर्ण जीवन देश सेवा, चिकित्सा समर्पण और मानवता की सेवा को समर्पित रहा है।बिहार के नालंदा जनपद निवासी डॉ. अंजनी कुमार का जन्म 15 जून 1972 को हुआ। उनकी प्रारंभिक शिक्षा प्रतिष्ठित सैनिक स्कूल तिलैया से हुई, जहां से उन्हें अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिली। वर्ष 1990 में उनका चयन भारतीय सेना में हुआ, लेकिन आम जनमानस की सेवा के उद्देश्य से उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र को अपना कार्यक्षेत्र चुना।वर्ष 1998 में चिकित्सा की पढ़ाई पूर्ण करने के उपरांत उन्होंने दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल तथा एमसीडी अस्पताल में रेजिडेंट डॉक्टर के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद वर्ष 2004 में यूपीएससी के माध्यम से चयनित होकर उन्हें देवभूमि उत्तराखंड में सेवाएं देने का अवसर मिला।उत्तराखंड में अपने सेवा काल के प्रथम 15 वर्षों तक डॉ. अंजनी कुमार ने रुद्रप्रयाग एवं पिथौरागढ़ जैसे दुर्गम व अति दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर आम जनता का भरोसा जीता। जुलाई 2017 से वे उधम सिंह नगर जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर में सेवाएं दे रहे हैं।कोरोना महामारी के कठिन दौर में डॉ. अंजनी कुमार ने आनंदम कोरोना केयर सेंटर के प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली और कुशल प्रबंधन व सतत निगरानी के चलते एक भी कैजुअल्टी नहीं होने दी। साथ ही उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर में उपचार, रोकथाम एवं टीकाकरण अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उनकी सेवाओं को देखते हुए माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड तथा तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री श्री अरविंद पांडेय द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है।डॉ. अंजनी कुमार का पारिवारिक पृष्ठभूमि भी चिकित्सा एवं प्रशासन से जुड़ा रहा है। उनके पिता डॉ. सिद्धेश्वर प्रसाद वर्ष 1966 में एमबीबीएस पूर्ण कर नालंदा क्षेत्र में वर्षों तक चिकित्सा सेवाएं देते रहे। उनके भाई अनिल प्रीतम नासिक में आयुक्त पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी श्रीमती कंचन चौधरी (एमबीए – ग्रामीण विकास) बच्चों की शिक्षा में अहम योगदान दे रही हैं। उनकी पुत्री अनुष्का प्रीतम ने इम्यूनिटी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर से कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त कर परिवार का नाम रोशन किया, जबकि उनके सुपुत्र आदर्श प्रीतम आगरा से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं।वर्तमान में डॉ. अंजनी कुमार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर में चिकित्सा अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं और अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन व मानवीय दृष्टिकोण से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दे रहे हैं।
*रिपोर्टर : अभिषेक बत्रा (गौरव)*
—











